पर्यावरण योद्धा वीर महेंद्र प्रकाश सिंह को “ग्लोबल ग्रीन वॉरियर अवार्ड 2025”

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नई दिल्ली निवासी पर्यावरण योद्धा वीर महेंद्र प्रकाश सिंह को वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित “ग्लोबल ग्रीन वॉरियर अवार्ड” प्रदान किया गया। यह सम्मान खुशराज पीपल मैन फाउंडेशन द्वारा दिया गया।
यह सम्मान उन्हें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश और बिहार में उनके नेतृत्व में सफलतापूर्वक चलाए गए “क्रांति चिपको आंदोलन” के लिए प्रदान किया गया। इस आंदोलन के माध्यम से अवैध वृक्ष कटाई को रोका गया, हजारों पेड़ों को कटने से बचाया गया तथा आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के लिए सड़क से लेकर प्रशासन तक संगठित किया गया।
फाउंडेशन द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र में कहा गया है कि वीर महेंद्र प्रकाश सिंह ने चिपको आंदोलन को नई ऊर्जा देते हुए इसे जन-जन का आंदोलन बनाया। उनका संघर्ष केवल पेड़ों की रक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पर्यावरण कानूनों के पालन, प्रशासनिक जवाबदेही और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए निर्णायक साबित हुआ।
इस अवसर पर फाउंडेशन के संस्थापक एवं सीईओ डॉ. खुशराज, डायरेक्टर रजनी मांडे एवं डायरेक्टर नितेश कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि
“वीर महेंद्र प्रकाश सिंह की पर्यावरण सेवा मदर अर्थ की धड़कनों में गूंजती प्रेरणा है। उनका कार्य राष्ट्र सेवा की मिसाल है।”
सम्मान प्राप्त करते हुए वीर महेंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि
“क्रांति चिपको आंदोलन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि जनसंकल्प का परिणाम है। यह अवार्ड उन सभी पर्यावरण योद्धाओं और आम नागरिकों को समर्पित है, जिन्होंने पेड़ों से चिपककर प्रकृति की रक्षा की।”
उन्होंने संकल्प लिया कि आने वाले समय में यह आंदोलन और अधिक राज्यों में फैलाया जाएगा।
उनकी इस उपलब्धि पर पर्यावरण संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, बुद्धिजीवियों एवं नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे देश के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *