नत्थू गेट पर कूड़े का ढेर बना खतरा, MCD-BSES पर लापरवाही का आरोप

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स ) उत्तर पूर्वी दिल्ली | सबोली वार्ड में आज 2 फरवरी 2026 को सबोली इलाके में दिल्ली नगर निगम की ओर से कूड़ा उठाने के लिए JCB और कूड़ा उठाने वाली गाड़ी तो पहुँची, लेकिन पूरा कूड़ा उठाए बिना ही वापस लौट गई। इससे स्थानीय लोगों और आरडब्ल्यूए में भारी नाराजगी देखने को मिली।
गौरतलब है कि RWA सबोली के अध्यक्ष जगदीश चौधरी ने हाल ही में दिल्ली के उप राज्यपाल (LG) से नत्थू गेट स्थित बीएसईएस ट्रांसफार्मर के पास लगे कूड़े के ढेर को हटाकर जाली लगाने की मांग की थी। यह स्थान गोकलपुर विधानसभा के सबोली वार्ड के अंतर्गत आता है और यहीं से सबोली गांव समेत आसपास की सभी बड़ी कॉलोनियों को बिजली आपूर्ति होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के बिल्कुल पास लगे कूड़े के ढेर से कभी भी आग लगने का खतरा बना रहता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। इसी गंभीर खतरे को देखते हुए 30 जनवरी 2026 को उप राज्यपाल को लिखित रूप से कूड़ा हटाने और सुरक्षा के लिए जाली लगाने की मांग की गई थी।
आरडब्ल्यूए का आरोप है कि वे विगत कई वर्षों से बीएसईएस और एमसीडी के उच्च अधिकारियों के साथ बैठकों में यह मांग उठाते आ रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। न तो कूड़े का स्थायी समाधान हुआ और न ही जाली लगाने का कार्य शुरू किया गया।
आज MCD की कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि अधूरा कूड़ा उठाकर लौट जाना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *