जल पुरुष सुभाष चौधरी के नेतृत्व में चला जल बचाओ अभियान, सांसद और मंत्री ने की सराहना

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
अलीगढ़ (खैर)।
अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम के पैतृक गांव कस्बा गोंडा स्थित दामोदर नगर उर्फ सढ़ा में सामाजिक कार्यकर्ता एवं “जल पुरुष” के नाम से चर्चित सुभाष चौधरी के नेतृत्व में “पानी बचाओ, गंदगी न फैलाओ” अभियान का व्यापक आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा नदियों, नहरों, तालाबों व अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंत्री के कस्बा गोंडा में प्रथम आगमन पर ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्ण पाल लाला प्रधान, इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि नदियों, नहरों और तालाबों को स्वच्छ रखना केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भू-जल स्तर में लगातार हो रही गिरावट पर चिंता व्यक्त करते हुए जल के विवेकपूर्ण उपयोग और जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने की अपील की। मंत्री ने “जल पुरुष” सुभाष चौधरी द्वारा किए जा रहे जल संरक्षण प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष चौधरी ने किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए क्षेत्र की नहरों, माइनरों एवं रजवाहों में पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी, ताकि किसानों को राहत मिल सके। उन्होंने जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन को लेकर सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा भी की।
मीडिया से बातचीत में सुभाष चौधरी ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग के लिए सांसद सतीश गौतम, भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्ण पाल लाला प्रधान, तथा भाजपा उपाध्यक्ष एवं जैतपुरा प्रधान योगेश चौधरी का हृदय से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को जल बचाने, स्वच्छता अपनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जलस्रोतों को सुरक्षित रखने की शपथ दिलाई गई। अभियान ने क्षेत्र में जल संरक्षण को लेकर एक नई जागरूकता का संचार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *