अंकित गर्ग (वीर सूर्या टाइम्स )
उत्तर पूर्वी दिल्ली क़े शिव विहार में खटीक समाज द्वारा पिछले कई महीनों से प्रत्येक रविवार को नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि होली हिंदुओं का प्रमुख पर्व है, जिसे समाज द्वारा सामूहिक रूप से उत्साह, मर्यादा और अनुशासन के साथ मनाया जाएगा।
इसी कड़ी में यह तय किया गया कि होली मिलन समारोह 1 मार्च (रविवार) को प्रातः 11 बजे 33 फुटा रोड खुशी सेवा सदन शिव विहार में आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों के तहत समाज की टीमें बनाकर पूरे शिव विहार क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रण दिया जा रहा है। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्वैच्छिक रूप से चंदे के माध्यम से सहयोग भी लिया जा रहा है।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन पूरे समाज का है और इसमें अधिक से अधिक समाज बंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। समाज की राय है कि इस कार्यक्रम में शिव विहार से बाहर का कोई मुख्य अतिथि नहीं होगा। मुख्य अतिथि वही होंगे, जिन्होंने वर्षों से समाज के लिए निरंतर योगदान दिया है तथा जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक है। ऐसे वरिष्ठ समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा।
होली मिलन समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसमें होली के पारंपरिक भजनों की प्रस्तुति होगी, जिसमें समाज की महिलाएं एवं पुरुष फूलों व गुलाब की होली खेलेंगे। इसके माध्यम से हिंदू एवं ब्रज संस्कृति को आगे बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम को शांति, अनुशासन और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

