महिला दिवस पर लगा मुफ्त स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों महिलाओं और बच्चों की हुई जांच

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माया नारायण मेमोरियल ट्रस्ट, दिल्ली और नारायण हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में पंचशील कॉलोनी, सोनिया विहार भोपुरा स्थित बिहारी मंदिर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में दिल्ली और गाजियाबाद से आए चिकित्सकों की टीम ने करीब 700 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिनमें लगभग 300 महिलाएं और 150 बच्चे शामिल रहे।
ट्रस्ट के चेयरमैन ओमप्रकाश बंशीराम जेदिया ने बताया कि ट्रस्ट लगातार गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता रहा है।
महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अपर्णा ने बताया कि महिलाओं में गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच की कमी देखने को मिलती है। कई महिलाओं में खून की कमी (एनीमिया) पाई गई, जिसे समय-समय पर डॉक्टर से जांच, आयरन की गोलियों के सेवन और संतुलित आहार से रोका जा सकता है।
वहीं डॉ. ममता ने बताया कि 15–20 वर्ष की युवतियों में स्वच्छता की कमी से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं सामने आईं। शिविर के दौरान उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी गई। बच्चों में खांसी और श्वास संबंधी शिकायतें भी अधिक देखने को मिलीं।
इस अवसर पर सुनील कुमार, प्रबंधक, नारायण हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर ने बताया कि ट्रस्ट दिल्ली और गाजियाबाद की झुग्गी-झोपड़ी और मलिन बस्तियों में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए लगातार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है और सरकार की स्वच्छ भारत अभियान जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को साकार करने में भी सहयोग दे रहा है।
शिविर में स्थानीय पार्षद ओमपाल सिंह भाटी, समाजसेवी धर्मेंद्र गौतम, जगदीश प्रधान, फकीरा और कज़ानिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने स्थानीय निवासियों से अपील की कि ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर लगाए जाने वाले निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *