उत्तम नगर में तरुण खटीक हत्याकांड: नेताओं ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, न्याय की उठी मांग

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली। उत्तम नगर क्षेत्र में होली के दिन हुए विवाद के बाद युवक तरुण खटीक की हत्या का मामला लगातार चर्चा में है। बताया जा रहा है कि मुस्लिम महिला पर गुब्बारे के छींटे पड़ने के बाद विवाद बढ़ गया, जिसके बाद तरुण खटीक की निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने के लिए जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों का लगातार आना-जाना लगा हुआ है।


इसी क्रम में भाजपा नेता छत्रपाल सूर्यवंशी और उज्जैन से लोकसभा सांसद अनिल फिरोजिया ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक व्यक्त किया और उन्हें ढांढस बंधाया। दोनों नेताओं ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
सांसद अनिल फिरोजिया ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि “तरुण की हत्या केवल एक परिवार की क्षति नहीं, बल्कि समाज के लिए भी बेहद दुखद घटना है। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।”
वहीं छत्रपाल सूर्यवंशी ने परिवार की सुरक्षा और कानूनी लड़ाई में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जाए।


इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री दिनेश खटीक भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को न्याय का पूरा भरोसा दिलाया और बताया कि उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री से भी बात कर पीड़ित परिवार की मुलाकात कराई, जहां मुख्यमंत्री ने भी न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
मीडिया से बातचीत में दिनेश खटीक ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने यह भी कहा कि केवल घरों पर बुलडोजर चलाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो दिल्ली के इतिहास में उदाहरण बन जाए।
इस घटना के बाद देशभर से खटीक समाज के लोग और कई सामाजिक संगठन पीड़ित परिवार से मिलने पहुंच रहे हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सहित कई नेता इस मामले को लेकर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
तरुण खटीक हत्याकांड की घटना सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है और विभिन्न क्षेत्रों में लोग तरुण खटीक को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं, साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *