सीमापुरी में स्नैचर गिरफ्तार, मोबाइल व नकदी बरामद

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
उत्तर पूर्वी दिल्ली क़े सीमापुरी थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रिक मीटर और ₹2000 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 14 मार्च 2026 को दिलशाद कॉलोनी स्थित सुरक्षा नर्सिंग होम के पास एक व्यक्ति से मोबाइल फोन छीनने की घटना सामने आई थी। पीड़ित योगेश धामा की शिकायत पर सीमापुरी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान 16 मार्च की सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी घटनास्थल के आसपास मौजूद है। SHO के निर्देश पर गठित टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़ लिया। आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हुसैन, निवासी न्यू सीमापुरी, शाहदरा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह पहले भी सात आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है और थाना सीमापुरी का घोषित बदमाश है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छीना गया मोबाइल फोन (Realme 11 Pro), एक इलेक्ट्रिक मीटर और ₹2000 नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा जनवरी 2026 में दर्ज दो चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अपराध स्वीकार कर लिए हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *