मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स) नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की एएटीएस (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड) टीम ने एक कुख्यात वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 चोरी के वाहन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित उर्फ मंगल (24 वर्ष) निवासी अशोक नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को अशोक नगर क्षेत्र में नियमित चेकिंग एवं निगरानी के दौरान एएटीएस टीम को एक शातिर वाहन चोर की मौजूदगी की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर जाते हुए रोका। पूछताछ के दौरान वह वाहन के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल थाना जाफराबाद क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज ई-एफआईआर से संबंधित नौ अन्य चोरी के वाहन भी बरामद किए। इस प्रकार कुल 10 चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से लूट, वाहन चोरी, चोरी तथा चोरी का माल रखने जैसे 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच जारी है तथा आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

