गांधी नगर थाना पुलिस की बड़ी कामयाबी, दो शातिर वाहन चोर व स्नैचर गिरफ्तार

मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली। शाहदरा जिले के गांधी नगर थाना की क्रैक टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो सक्रिय वाहन चोरों और स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। आरोपियों की गिरफ्तारी से वाहन चोरी, स्नैचिंग और लूटपाट के कुल चार मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार 8 मई 2026 को गांधी नगर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की ऑनलाइन शिकायत दर्ज हुई थी। मामले की जांच के लिए एचसी अमन बंसल, एचसी राहुल चौधरी और एचसी विवेक कुमार की टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की, जिसमें संदिग्धों की तस्वीरें सामने आईं।
तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी आहद उर्फ लंबू की पहचान की, लेकिन वह फरार मिला। आगे की जांच में दूसरे आरोपी फर्दीन की पहचान हुई। लगातार दबिश और पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते फर्दीन तथा उसका साथी अरमान उर्फ बल्लू गांधी नगर थाने में पहुंचकर पुलिस के समक्ष पेश हो गए।
पूछताछ में फर्दीन ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी आहद उर्फ लंबू के साथ मिलकर गांधी नगर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की थी। चोरी की गई बाइक का इस्तेमाल बाद में स्नैचिंग और लूट की कई वारदातों में किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और शाहदरा जिले के विभिन्न इलाकों में आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इस कार्रवाई से गांधी नगर, भजनपुरा और जगतपुरी थानों में दर्ज कुल चार मामलों का खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी:
फर्दीन (21 वर्ष), निवासी राधु पैलेस, प्रीत विहार, दिल्ली।
अरमान उर्फ बल्लू (21 वर्ष), निवासी जयपाल चौक, शहीद नगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार फर्दीन पहले भी लक्ष्मी नगर थाने में दर्ज एक स्नैचिंग मामले में शामिल रह चुका है।
शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की मोटरसाइकिल की बरामदगी क्रैक टीम की पेशेवर जांच, तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों का परिणाम है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *