मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स ) नई दिल्ली, शाहदरा जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉ (AATS) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 5 चोरी की चार पहिया गाड़ियां बरामद की हैं और 5 मामलों का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में शाहदरा क्षेत्र में लगातार हो रही चार पहिया वाहनों की चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को सीसीटीवी फुटेज खंगालने और सक्रिय आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।
11 मार्च 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों—सहदेव साहनी (43 वर्ष), निवासी गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) और योगेंद्र सैनी उर्फ योगेश (36 वर्ष), निवासी उत्तम नगर, दिल्ली—को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक चोरी की मारुति स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई, जो कल्याणपुरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अन्य चोरी की वारदातों का खुलासा किया। उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से मारुति बलेनो, मारुति अर्टिगा, मारुति आल्टो और हुंडई क्रेटा समेत कुल 5 चोरी की गाड़ियां बरामद की गईं। इसके अलावा वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और औजार भी बरामद हुए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर से वाहन चोरी कर उन्हें मुरादाबाद के एक व्यक्ति को बेचते थे, जो आगे इन गाड़ियों को गुजरात समेत अन्य राज्यों में भेज देता था।
पुलिस के मुताबिक, सहदेव साहनी पहले भी वाहन चोरी के 9 मामलों में शामिल रह चुका है, जबकि योगेंद्र सैनी के खिलाफ 2 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
शाहदरा पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

