ब्रज परिक्रमा मार्ग पर जलभराव की समस्या दूर, श्रद्धालुओं ने जताया आभार

पायल गुप्ता ( वीर सूर्य टाइम्स )
मथुरा। ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं को लंबे समय से हो रही परेशानी का समाधान होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। भूरगढ़ी और बरोठ के बीच पथवाया नाले पर जलभराव और कीचड़ के कारण श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब विभाग द्वारा पुलिया निर्माण एवं मार्ग सुधार कार्य पूरा कर दिए जाने से रास्ता सुगम हो गया है।
सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष चौधरी ने इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग को पत्र लिखकर मार्ग निर्माण और पुलिया बनवाने की मांग की थी। उन्होंने बताया था कि बरसात के दिनों में यह रास्ता अत्यधिक खराब हो जाता था और श्रद्धालुओं को जोखिम उठाकर निकलना पड़ता था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ प्रमोद चौधरी ने स्वयं रुचि दिखाते हुए विभागीय टीम को शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उनकी तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली के चलते समय से पूर्व पुलिया डालकर मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बना दिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले जहां लोग कीचड़ में फंसकर निकलते थे, वहीं अब मार्ग साफ और सुरक्षित हो गया है। श्रद्धालुओं ने एसडीओ प्रमोद चौधरी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जनभावनाओं को समझते हुए त्वरित कार्रवाई की, जिससे हजारों श्रद्धालुओं को राहत मिली है।
सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष चौधरी ने एसडीओ प्रमोद चौधरी, अधिशासी अभियंता उमेश कुमार, निचली मांट ब्रांच गंगा नहर सिंचाई विभाग एवं विभागीय टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की सकारात्मक सोच और सक्रियता से जनहित के कार्य तेजी से संभव हो रहे हैं तथा ब्रज क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *