जीटीबी अस्पताल से 7 माह का मासूम लापता, महिला पर अपहरण का मामला दर्ज

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
उत्तर-पूर्वी दिल्ली स्थित जीटीबी अस्पताल से 7 माह के एक मासूम बच्चे के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा बच्चे और संदिग्ध महिला की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें 7 माह के बच्चे के गायब होने की सूचना दी गई। जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता नाजरीन (23 वर्ष), पत्नी मोहम्मद शहवाज, निवासी सीलमपुर, पिछले लगभग एक सप्ताह से एक अज्ञात महिला के संपर्क में थी। दोनों के बीच मित्रतापूर्ण संबंध बन गए थे और महिला नियमित रूप से उससे मिलती थी।
शनिवार को नाजरीन अपने 7 माह के बेटे और उक्त महिला के साथ जीटीबी अस्पताल पहुंची। अस्पताल में मेडिकल पर्ची बनवाने के लिए नाजरीन अंदर गई और उसने अपने बच्चे को महिला की देखरेख में छोड़ दिया। जब वह वापस लौटी तो महिला और उसका बेटा दोनों वहां से गायब थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्ध महिला की पहचान करने और मासूम बच्चे को सकुशल बरामद करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी महिला को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *