https://youtu.be/ohFTRr-Vwnc?si=g5PKl_-2GanrN8f9
मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में चर्चित किंग्स कैफे हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद करते हुए एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 जनवरी 2026 को किंग्स कैफे में हुई हत्या के संबंध में थाना वेलकम में एफआईआर संख्या 50/26 दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान रुहैल उर्फ साहिल (25) पुत्र हबीब, निवासी जनता मजदूर कॉलोनी, वेलकम की भूमिका सामने आई। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए खुलासा किया कि उसने घटना में प्रयुक्त पिस्टल 50 हजार रुपये में बेच दी थी।
आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर थाना वेलकम के एसएचओ Rupesh Kumar Khatri के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने छापेमारी कर मानन खान (25) पुत्र नाजिम अली, निवासी डीडीए कॉलोनी, न्यू जाफराबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद की।
हथियार बरामद होने के बाद थाना वेलकम में एफआईआर संख्या 264/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं 25/27 में नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार का इस्तेमाल किन-किन आपराधिक गतिविधियों में किया गया तथा इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
