मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्य टाइम्स )
नई दिल्ली। शाहदरा जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जीटीबी अस्पताल से अगवा किए गए छह माह के मासूम बच्चे को महज 30 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने बच्चे की मां का विश्वास जीतकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को सीलमपुर निवासी नजरीन ने थाना जीटीबी एन्क्लेव में शिकायत दर्ज कराई कि एक महिला, जो खुद को बच्चों के टीकाकरण में सहायता करने वाली बताती थी, उसके संपर्क में आई थी। घटना वाले दिन महिला नजरीन और उसके छह माह के बेटे को टीकाकरण के लिए जीटीबी अस्पताल लेकर गई। अस्पताल के एमसीएच भवन में आरोपी ने नजरीन को फॉर्म भरने के बहाने उलझा दिया और बच्चे को लेकर फरार हो गई।
शिकायत मिलते ही थाना जीटीबी एन्क्लेव में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित कीं। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी, मोबाइल डाटा और मेट्रो यात्रा रिकॉर्ड की गहन जांच की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी मेट्रो नेटवर्क का उपयोग कर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रही थी। लगातार छापेमारी और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने शिवाजी पार्क क्षेत्र की एक झुग्गी से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी बॉबी उर्फ कंचन (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले से एक हत्या और अपहरण के मामले में उम्रकैद की सजा पा चुकी है। वह पैरोल समाप्त होने के बाद आत्मसमर्पण नहीं कर रही थी और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर रह रही थी।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि नवंबर 2025 में उसके जुड़वां बच्चों की मृत्यु हो गई थी। उसने यह बात अपने पति और ससुराल पक्ष से छिपा रखी थी। परिवार के दबाव के कारण उसने किसी बच्चे को अवैध रूप से हासिल करने की योजना बनाई और इसी साजिश के तहत मासूम का अपहरण किया। बाद में उसने बच्चे को अपना बताकर परिवार के सामने पेश कर दिया।
शाहदरा जिला पुलिस की सतर्कता, तकनीकी जांच और समन्वित प्रयासों से बच्चे को सुरक्षित उसकी मां से मिलवा दिया गया। पुलिस ने मामले की आगे की जांच जारी होने की जानकारी दी।

