अंकित गर्ग ( वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में गुरुवार को बीएसईएस कार्यालय के सामने स्थित नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, 04 जून 2026 को थाना खजूरी खास में सूचना प्राप्त हुई कि बीएसईएस कार्यालय के सामने नाले में एक पुरुष का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतक की आयु लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर रही है तथा मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

