राजा मेवाती हत्याकांड में AATS की कार्रवाई, एक और आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद।

मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली, संवाददाता। उत्तर-पूर्वी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने राजा मेवाती उर्फ अक्की उर्फ आकिब हत्याकांड की जांच में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या की वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, थाना खजूरी खास में दर्ज एफआईआर संख्या 248/2026 के तहत हत्या और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराओं में मामले की जांच चल रही थी। AATS की टीम लगातार स्थानीय स्तर पर सूचना जुटाने और आरोपियों की तलाश में लगी हुई थी। इसी दौरान मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने मुस्तफाबाद निवासी फरमान उर्फ समीर (22) को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी हत्या की साजिश और वारदात में शामिल था। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर ली है, जो मामले में अहम साक्ष्य मानी जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार फरमान उर्फ समीर थाना दयालपुर के तीन अन्य मामलों में भी वांछित था। इसके अलावा उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच में पता चला कि उत्तर प्रदेश में भी उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, गोकशी तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। इस गिरफ्तारी को राजा मेवाती हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *