बुलंदशहर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के राष्ट्रीय आह्वान पर सोमवार को बुलंदशहर में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। इससे पूर्व मलका पार्क में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मांगेराम त्यागी की अध्यक्षता में किसान पंचायत आयोजित की गई।
बैठक में जिला संरक्षक चौधरी कुलदीप गुड्डू, जिला प्रभारी चौधरी धर्मवीर सिंह, युवा जिला अध्यक्ष शैलेंद्र आर्य सहित सैकड़ों किसान एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव, सहकारिता विभाग के हरिंदर कुमार सिंह तथा जिला गन्ना अधिकारी सना आफरीन ने किसानों को खाद उपलब्धता एवं गन्ना भुगतान के संबंध में जानकारी दी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि समितियों पर यूरिया-डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी तथा वेव शुगर मिल का किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र कराया जाएगा।
किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से 18 घंटे बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, बिजली बिलों की त्रुटियों का समाधान, गन्ना बकाया भुगतान, आवारा पशुओं की समस्या, खाद की उपलब्धता, टूटी सड़कों का निर्माण तथा अवैध खनन पर रोक लगाने सहित कई मांगें उठाईं।
जिला संरक्षक चौधरी कुलदीप गुड्डू ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) लखनऊ में विशाल महापंचायत और आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।फोटो कैप्शन:
बुलंदशहर में किसानों की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के पदाधिकारी एवं किसान।

