उत्तर-पूर्वी जिला भाजपा द्वारा यमुना विहार स्थित जिला कार्यालय में एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. यू. के. चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष लता गुप्ता, स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन सत्या शर्मा, प्रदेश मंत्री सारिका जैन, मीडिया प्रभारी दीपक चौहान, कार्यक्रम संयोजक नेहा उप्रेती सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रेसवार्ता में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह अधिनियम देश की आधी आबादी को समान अवसर और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
भाजपा नेताओं ने कुछ विपक्षी दलों द्वारा इस विधेयक के विरोध पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि इस प्रकार का विरोध महिलाओं की प्रगति में बाधा डालने जैसा है और यह देश की करोड़ों महिलाओं की आकांक्षाओं के विपरीत है।
जिलाध्यक्ष डॉ. यू. के. चौधरी ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और इसका विरोध समाज को पीछे ले जाने जैसा है। वहीं सत्या शर्मा ने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में निर्णय लेना आवश्यक है और महिलाओं को उनका अधिकार देना ही सच्चा लोकतंत्र है।
लता गुप्ता और सारिका जैन ने संयुक्त रूप से कहा कि वर्तमान समय में सभी को मिलकर महिलाओं के सशक्तिकरण का समर्थन करना चाहिए। मीडिया प्रभारी दीपक चौहान और संयोजक नेहा उप्रेती ने भी इस अधिनियम को समाज में समानता और न्याय की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए विपक्ष से सकारात्मक सोच के साथ समर्थन की अपील की।

