इंस्टाग्राम पर हथियार लहराने वाला स्नैचर गिरफ्तार, देसी पिस्टल और लूटा हुआ मोबाइल बरामद

मनीष सूर्यवंशी (वीरसूर्या टाइम्स )
उत्तर पूर्वी दिल्ली। सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वाले एक युवक को जाफराबाद थाना पुलिस ने उसके साथी सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, स्नैच किया गया मोबाइल फोन तथा हथियारों के वीडियो वाला मोबाइल बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम अकाउंट “ballu_dada_jafrabadi_” पर एक युवक द्वारा अवैध हथियारों के साथ वीडियो और स्टोरी पोस्ट किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद जाफराबाद थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

10 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी इंस्पेक्टर तनवीर अशरफ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंचवटी पार्क, घोंडा चौक, जाफराबाद में छापेमारी कर अरमान (22) निवासी अल्वी नगर, अंकुर विहार, लोनी (गाजियाबाद) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में जाफराबाद थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में अरमान ने 23 जून 2026 की एक लूट और 9 जुलाई 2026 की मोबाइल स्नैचिंग की वारदात में अपने साथी रिहान (19) निवासी चौहान बांगर, दिल्ली के साथ शामिल होने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने रिहान को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से स्नैच किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया।

जांच के दौरान अरमान के मोबाइल फोन से चाकू और अवैध हथियारों के वीडियो भी मिले हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।

बरामदगी

एक देसी पिस्टल

एक जिंदा कारतूस

एक स्नैच किया गया मोबाइल फोन

हथियारों के वीडियो वाला एक मोबाइल फोन

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों का अभी तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *