नरेंद्र सिंह (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा क्षेत्र में सूर्यवंशी फाउंडेशन द्वारा सूर्यवंशी दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में सूर्यवंशी समाज के लोग शामिल हुए। इस अवसर पर समाज की एकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक मजबूती को लेकर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सूर्यवंशी फाउंडेशन समाज के सभी लोगों को साथ लेकर चलने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। समाज की प्रगति के लिए आपसी सहयोग, संवाद और एकजुटता को जरूरी बताया गया।
कार्यक्रम में सूर्यवंशी समाज भवन के संकल्प को भी प्रमुखता से रखा गया। बताया गया कि करीब 11 वर्ष पहले समाज के लोगों ने संकल्प लिया था कि देश की राजधानी दिल्ली में सूर्यवंशी समाज का अपना भवन होना चाहिए। भवन का उद्देश्य जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अन्य तैयारियों में सहयोग देना, जरूरतमंद परिवारों के शादी-विवाह कार्यक्रमों के लिए स्थान उपलब्ध कराना तथा समय-समय पर समाज की बैठकें आयोजित करना है।
वक्ताओं के अनुसार, वर्षों पहले लिया गया यह संकल्प अब साकार होता दिखाई दे रहा है। समाज के प्रमुख लोगों और सहयोगियों के योगदान से भवन के लिए जमीन ली जा चुकी है तथा अब भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान समाज भवन और सामाजिक कार्यों में योगदान देने वाले लोगों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित लोगों ने समाज की एकता और विकास के लिए निरंतर सहयोग करने की बात कही।
इस अवसर पर कालीचरण नेताजी, हरि सिंह चौहान, ऋषि पाल सिंह सूर्यवंशी, ओम प्रकाश पिंडोरा, लक्ष्मण सिंह राजोरा, महावीर सिंह, बिजेंद्र सिंह, ओम प्रकाश राणा, मदन मोहन, धर्मवीर सिंह, मा. रमेश कुमार, राजेंद्र सिंह, छत्रपाल सिंह सूर्यवंशी, परसोत्तम सिंह, ओमप्रकाश राजोरिया, हरिकिशन पिंडोरा, ठाकुरदास, वीर सिंह चौहान, सर्वेश पिंडोरा, गीता सूर्यवंशी और डॉ. देवेंद्र सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में समाज को एकजुट और मजबूत बनाने तथा आपसी भाईचारा कायम रखने का संकल्प लिया गया।

