लोनी में दलित युवक पर हमला और फायरिंग, पैर में लगी गोली इलाके में तनाव


उत्तर प्रदेश के संतोषी विहार, लोनी गाजियाबाद क्षेत्र में दलित युवक पर हमला और फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना 5 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे छठ पूजा घाट के पास हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित आकाश खटीक अपने दोस्तों के साथ खड़ा था, तभी आरोप है कि प्रीत चौधरी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज में बदल गया। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया।
पीड़ित के अनुसार, कुछ देर बाद आरोपी कई लोगों के साथ दोबारा लौटे और पिस्टल लहराते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोप है कि इसी दौरान फायरिंग की गई, जिसमें एक गोली आकाश खटीक के पैर के ऊपरी हिस्से में लगी। साथ ही उसके दोस्तों पर भी दो गोलियां चलाई गईं, जो उन्हें नहीं लगीं। घायल अवस्था में आकाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस मामले में 6 अप्रैल 2026 को FIR संख्या 0128 दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा तीन नामजद आरोपियों की पहचान की गई है— प्रीत गुर्जर (पिता: सत्येन्द्र), सिम्मी (पिता: सुनील दत्त) और शिवम पंडित। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 352, 351(3) के साथ-साथ एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के पिता बनवारी लाल ने बताया कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हैं कि उन्हें लोनी छोड़ने पर मजबूर होना पड़ सकता है। वहीं, पीड़ित की मां का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने सरकार से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
घटना के बाद दलित समाज और खटीक समुदाय में भारी आक्रोश है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। इस बीच, कांग्रेस नेता रजनी सूर्यवंशी ने सरकार पर निशाना साधते हुए दलित उत्पीड़न के आरोप लगाए। वहीं खटीक समाज के नेता नवाब सिंह खटीक ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो लोनी विधानसभा में महापंचायत बुलाई जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मुख्य आरोपी के सरेंडर की बात सामने आई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *