मनीष सूर्यवंशी। वीर सूर्या टाइम्स उत्तर-पूर्वी दिल्ली मुस्तफाबाद विधानसभा के शिव विहार में स्थित अभिवादन वाटिका में कश्यप समाज जन कल्याण समिति के तत्वावधान में महर्षि कश्यप एवं महाराज निषाद राज जी की जयंती बड़े ही उत्साह, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में समाज के लोगों ने भाग लेकर एकता और जागरूकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि दिल्ली में कश्यप समाज की संख्या हजारों में होने के बावजूद उनकी राजनीतिक भागीदारी बहुत कम है। उन्होंने आगामी नगर निगम चुनाव को देखते हुए समाज के लोगों से संगठित होकर टिकट की मांग करने और अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज कराने की अपील की।
उन्होंने महर्षि कश्यप और निषाद राज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समाज हमेशा से संघर्षशील और कर्मठ रहा है, जिसे अब राजनीतिक रूप से भी मजबूत होने की आवश्यकता है।
वहीं क्षेत्रीय विधायक एवं दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने महर्षि कश्यप एवं निषाद राज को नमन करते हुए उनके आदर्शों और इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कश्यप समाज के योगदान की सराहना की और सभी को समाजहित में मिलकर कार्य करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने महर्षि कश्यप के महान योगदान को याद करते हुए बताया कि उन्हें सृष्टि के प्रमुख ऋषियों में माना जाता है। उनका जीवन ज्ञान, तपस्या और समाज कल्याण का प्रतीक रहा है। कश्यप समाज का इतिहास भी अत्यंत गौरवशाली रहा है, जो प्राचीन काल से ही प्रकृति, जल और जीव-जंतुओं से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है।
संगठन के अध्यक्ष ने कहा आज कश्यप समाज शिक्षा, सामाजिक सेवा, राजनीति और विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। समाज के युवा शिक्षित होकर नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं, जिससे समाज की पहचान और मजबूत हो रही है।
शिव विहार सहित कई क्षेत्रों में कश्यप समाज की मजबूत उपस्थिति है और पहले की तुलना में समाज की भागीदारी विभिन्न संस्थानों में बढ़ी है। उन्होंने समाज के युवाओं की प्रगति को सकारात्मक संकेत बताया।
कार्यक्रम के अंत में समाज के लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने और महर्षि कश्यप के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का समापन फूल सिंह कश्यप द्वारा किया गया, जिन्होंने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोमवीर सिंह, महासचिव अंशुल कश्यप, कोषाध्यक्ष शेरपाल सिंह, दरोगा देवदत्त, लालचंद, गजेंद्र पाल, श्याम कुमार, माधुरी प्रसाद, ज्वाला सिंह, बबली कश्यप, कैलाश कश्यप, जीतपाल कश्यप, केहर सिंह कश्यप सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

