वोट बचाओ, देश बचाओ रैली की तैयारियों का देवेंद्र यादव ने लिया जायजा

मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स )नई दिल्ली, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ मैदान का निरीक्षण कर मंच, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, मीडिया प्रबंधन सहित कार्यकर्ताओं और आम जनता की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
देवेंद्र यादव ने कहा कि यह रैली केवल कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की आवाज है। उन्होंने कहा कि मताधिकार की निष्पक्षता और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कांग्रेस जनता के वोट की ताकत और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है।
उन्होंने बताया कि रैली की सफलता और बेहतर प्रबंधन के लिए 20 कमेटियों का गठन किया गया है। दिल्ली कांग्रेस के छोटे-बड़े नेता और कार्यकर्ता अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। देशभर से आने वाले लोगों के लिए बैठने, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि रैली में 10 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है और इसी के अनुरूप व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के अभियान से गरीब, मजदूर, किसान, पेशेवर वर्ग और छात्र संगठन जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एसआईआर प्रक्रिया और कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगी। उनके अनुसार, यह लड़ाई प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा से जुड़ी है।
निरीक्षण के दौरान दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काजी निजामुद्दीन, प्रदेश कांग्रेस महासचिव (संगठन) एवं पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज, सीडब्ल्यूसी सदस्य एन. रघुवीर रेड्डी, पूर्व मंत्री हारून यूसुफ, पूर्व मेयर फरहाद सूरी, उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल, जिला अध्यक्ष मो. उस्मान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *