बनसेरा पार्क में सजेगा अंतरराष्ट्रीय नृत्य–संगीत महोत्सव, 8 देशों के 148 कलाकार लेंगे भाग

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) द्वारा 11वें भारत–अंतरराष्ट्रीय नृत्य एवं संगीत महोत्सव का आयोजन 16 से 18 जनवरी 2026 तक दिल्ली के बनसेरा पार्क में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस भव्य अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव में भारत सहित एशिया, अफ्रीका और यूरोप के 8 देशों के 148 से अधिक कलाकार नृत्य और संगीत के माध्यम से अपनी-अपनी सांस्कृतिक परंपराओं की प्रभावशाली प्रस्तुतियां देंगे।
आईसीसीआर की निदेशक के. सिंगल नंदिनी ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव का उद्घाटन दिल्ली के उपराज्यपाल माननीय श्री विनय कुमार सक्सेना करेंगे। उद्घाटन दिवस पर प्रख्यात वायलिन वादक डॉ. एल. सुब्रमण्यम एवं सुप्रसिद्ध गायिका श्रीमती कविता कृष्णमूर्ति सुब्रमण्यम की प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहेंगी। वहीं मलेशिया के प्रतिष्ठित कलाकार रामली इब्राहिम की विशेष प्रस्तुति ‘Radhe! Radhe! – The Sweet Surrender’ भारतीय संस्कृति की आध्यात्मिक भावना को मंच पर जीवंत करेगी।
महोत्सव प्रतिदिन शाम 4 बजे से प्रारंभ होगा, जबकि दर्शकों के लिए प्रवेश अपराह्न 3 बजे से उपलब्ध रहेगा। आयोजन में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। यह महोत्सव दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के वसंत महोत्सव के साथ संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।
आईसीसीआर के अनुसार, दिल्ली के अलावा यह अंतरराष्ट्रीय महोत्सव देश के अन्य प्रमुख शहरों—चंडीगढ़, शिलांग, जम्मू, बेंगलुरु और वडोदरा—में भी आयोजित किया जाएगा, जहां अंतरराष्ट्रीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
इस अवसर पर आईसीसीआर के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
यह महोत्सव सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करने के साथ-साथ भारत की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *