मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
बुलंदशहर। गोगाजी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित वृद्ध आश्रम समाज सेवा की एक मिसाल बनता जा रहा है। ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष छम्मी सिंह ने जिला बुलंदशहर के गांव बिरोरा में अपनी निजी भूमि पर वृद्ध आश्रम की शुरुआत की है, जहाँ बेसहारा बुजुर्गों की देखभाल पूरी जिम्मेदारी के साथ की जा रही है।

छम्मी सिंह ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है, जिनका लाभ गरीब, विधवा एवं वृद्ध महिलाओं को लगातार मिल रहा है। अब तक सैकड़ों महिलाएं इन शिविरों से लाभान्वित हो चुकी हैं। वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों के लिए प्रतिदिन नहाना, धोना, खाना-पीना, रहना-सहना जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे उनका जीवन सहज और सुरक्षित बन सके।

ट्रस्ट की ओर से हर रविवार बच्चों के लिए पेन, पेंसिल, बस्ता, किताबें एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाता है। वहीं, ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को कंबल वितरण भी किया जाता है। इसके साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाना भी ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य है।
आगे की योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए छम्मी सिंह ने बताया कि युवाओं को मोबाइल रिपेयरिंग, कंप्यूटर एवं लैपटॉप रिपेयरिंग जैसे तकनीकी प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की योजना है। वहीं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई, मेहंदी, ब्यूटी पार्लर सहित अन्य महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों पर भी जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ट्रस्ट का एक सेवा केंद्र दिल्ली में संचालित है, जबकि दूसरा केंद्र उनके पैतृक गांव बिरोरा में चल रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इन सेवा शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।
वृद्ध आश्रम को लेकर छम्मी सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि वृद्ध आश्रम की जरूरत नहीं होनी चाहिए, लेकिन आज कुछ बुजुर्ग माता-पिता को घर से बाहर कर दिया जाता है। ऐसे बुजुर्गों की देखभाल के लिए उनकी पूरी टीम समर्पित भाव से काम कर रही है। उन्होंने कहा, “मैं उनके बेटे की तरह हमेशा उनकी सेवा करता रहूंगा।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष छम्मी सिंह ने यह भी बताया कि फिलहाल सरकार की ओर से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है, लेकिन उन्हें पूरा विश्वास है कि भविष्य में सरकार का सहयोग मिलेगा। साथ ही समाज के कुछ लोग पहले से ही ट्रस्ट की मदद कर रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील की कि वे संगठन से जुड़कर समाज सेवा में अपना योगदान दें।

