मनीष सूर्यवंशी( वीर सूर्या टाइम्स )
उत्तर-पूर्वी दिल्ली। मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र के शिव विहार फेस-2 में चल रहे सड़क व नाली निर्माण कार्यों को लेकर स्थानीय निवासी चंद्रप्रकाश ने दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता को शिकायत पत्र भेजकर ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत में आरोप है कि निर्माण कार्य बिना मानकों और अनुमति के कराया जा रहा है। सड़क को बिना समतलीकरण (लेवलिंग) के खोद दिया गया, जिससे क्षेत्र में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर फैला मलबा, गड्ढे और अव्यवस्थित निर्माण के कारण बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चंद्रप्रकाश ने आरोप लगाया कि ठेकेदार की मनमानी के बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी मौन हैं, जिससे जनता में रोष व्याप्त है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी ठेकेदार व अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा निर्माण कार्य को मानकों के अनुसार दोबारा कराने की मांग की है।
स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

