शास्त्री पार्क में भव्य रामलीला का शुभारंभ, अयोध्या के कलाकारों ने बांधा समां

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क में विष्णु रामलीला अवतार कमेटी द्वारा 25 वर्षों से लगातार रामलीला का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी रामलीला को लेकर श्रद्धालुओं और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार, उत्तर-पूर्वी दिल्ली में रामलीला का यह सबसे बड़ा मंच है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग लीला देखने पहुंचते हैं।
रामलीला परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग की व्यवस्था के साथ झूले, खान-पान की दुकानें और विभिन्न प्रकार के स्टॉल भी लगाए गए हैं। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इस बार विशेष आकर्षण अयोध्या से आए कलाकारों की प्रस्तुति है, जो अपने अभिनय के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर रहे हैं।
रामलीला का शुभारंभ गणेश पूजन के साथ हुआ। पहले दिन नारद जी के मोह भंग और इसके बाद श्रवण कुमार लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। मंचन में दिखाया गया कि राजा दशरथ शिकार के दौरान अनजाने में श्रवण कुमार को तीर मार देते हैं। घायल श्रवण कुमार राजा दशरथ से अपने माता-पिता की सेवा करने और उन्हें पानी पिलाने का आग्रह करते हैं।
राजा दशरथ जब श्रवण कुमार के माता-पिता के पास पहुंचते हैं और उन्हें घटना की जानकारी देते हैं, तो पुत्र वियोग में व्याकुल माता-पिता राजा दशरथ को शाप देते हैं कि जिस प्रकार वे पुत्र वियोग का दुख सह रहे हैं, उसी प्रकार भविष्य में राजा दशरथ को भी पुत्र वियोग सहना पड़ेगा। इसी मार्मिक प्रसंग के साथ प्रथम दिवस की लीला का समापन हुआ।
इस अवसर पर लीला चेयरमैन हरीश चौधरी, अध्यक्ष ठाकुर प्रेमपाल सिंह, महासचिव दिवाकर पांडे, निगम पार्षद रेखा रानी, विजेंद्र प्रधान सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों ने पहुंचकर रामलीला का आनंद लिया। आयोजकों ने सभी अतिथियों और दर्शकों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *