अंकित गर्ग ( वीर सूर्या टाइम्स )
उत्तर पूर्वी दिल्ली, कायस्थ सभा यमुना विहार (दिल्ली द्वारा श्री चित्रगुप्त मंदिर का 25वां स्थापना दिवस 14 जनवरी 2026 को यमुना विहार में भव्य और धार्मिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्थापना दिवस के मौके पर मंदिर में भगवान चित्रगुप्त जी की विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं के लिए पूरी-सब्ज़ी का भंडारा आयोजित किया गया। साथ ही प्रसाद स्वरूप तिल के लड्डू, मूंगफली और रेवड़ी वितरित की गई।
सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए कायस्थ सभा द्वारा असहाय व जरूरतमंद परिवारों को कंबल वितरित किए गए, साथ ही 101 तुलसी के पौधे भी भेंट किए गए, जिससे समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर दशा परिवर्तन समाज सेवा संगठन के संस्थापक विजय सक्सेना ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त जी सभी के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं और उनका आशीर्वाद समाज पर सदैव बना रहे। उन्होंने मंदिर के 25 वर्षों की धार्मिक और सामाजिक भूमिका की सराहना की।
कार्यक्रम में गोरख पार्क की निगम पार्षद प्रियंका सक्सेना ने विशेष रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, वहीं निगम पार्षद श्वेता निगम ने भी आयोजन में सहयोग दिया।
इस आयोजन को सफल बनाने में कायस्थ सभा यमुना विहार के अध्यक्ष हरीश गोविंद सक्सेना, उपाध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव, महासचिव अरुण सक्सेना, राजेंद्र सक्सेना, निधि सक्सेना, कल्पना सक्सेना, मीनू सक्सेना, सरिता सक्सेना, पूर्णिमा सक्सेना, बी.एस. भटनागर, उमेश सक्सेना, मुकेश सक्सेना, अवनीश श्रीवास्तव, राहुल श्रीवास्तव तथा युवा टीम से विशाल श्रीवास्तव और दीपेश श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी आगंतुकों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे धार्मिक आस्था, सामाजिक सेवा और एकता का प्रतीक बताया।

