मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली।
अखिल भारतीय खटीक समाज के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय राजेश सोनकर जी की पुण्यतिथि राजधानी दिल्ली में श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक चेतना के साथ भव्य रूप से मनाई गई। इस अवसर पर श्रद्धांजलि समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, वरिष्ठजन एवं युवा वर्ग ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
यह कार्यक्रम शिव वाटिका, 33 फुटा रोड, शिव विहार, पूर्वी करावल नगर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिवचरण सूर्यवंशी जी ने की, जबकि मंच संचालन डॉ. गोविंल द्वारा किया गया।
राष्ट्रीय आदर्श मंच क़े राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्य अतिथि छैल बिहारी कराड़ ने समाज को एकजुट रहने का संदेश देते हुए कहा कि यदि समाज का कोई भी व्यक्ति किसी भी राजनीतिक दल से चुनाव लड़ता है, तो समाज को एकजुट होकर उसका समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति, व्यापार एवं अन्य क्षेत्रों में खटीक समाज की भागीदारी आज भी सीमित है, जिसे बढ़ाने के लिए समाज को अपने अधिकारों के लिए संगठित संघर्ष करना होगा।

उन्होंने केंद्र सरकार, विशेषकर भाजपा सरकार से मांग की कि पूरे भारत में खटीक समाज को अनुसूचित जाति की श्रेणी में शामिल किया जाए, ताकि समाज के वंचित और पिछड़े वर्ग के लोग मुख्यधारा से जुड़ सकें। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय संत से सम्मानित संत श्री दुर्बल नाथ महाराज के नाम पर पुस्तकालय, सामुदायिक भवन, पार्क एवं सड़कों के नामकरण की मांग भी रखी।
कार्यक्रम में स्व. राजेश सोनकर जी के सामाजिक जीवन, संघर्ष, दूरदर्शी सोच एवं समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही “शिक्षा से समाज वंचित न रहे” विषय पर विचार-विमर्श किया गया।
पूर्व करावल नगर से निगम पार्षद प्रत्याशी रहीं रजनी सूर्यवंशी ने युवाओं से नशे से दूर रहने, खेलों की ओर अग्रसर होने तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को अपनाकर सरकारी नौकरियों, व्यापार और अन्य संस्थानों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
पुण्यतिथि के अवसर पर धरती माँ फाउंडेशन के सहयोग से एक स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें नब्ज़ एवं नाड़ी परीक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य जांच की गई।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष नवाब सिंह सूर्यवंशी ने समाज में एकता पर बल देते हुए कहा कि समाज के लोग भले ही किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े हों, लेकिन सामाजिक कार्यक्रमों में सभी को एकजुट होकर भाग लेना चाहिए। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नेतराम ठेगेला , किशन तोमर, पप्पी, वीरपाल सिंह, राहुल कुमार, मोनू कुमार, प्रेमपाल सिंह, योगेंद्र सिंह सोनकर, रामबाबू सोनकर, धर्मपाल सिंह, कल्पना सूर्यवंशी, ममता सूर्यवंशी, रेखा कोमल मोघा , दरियाव सिंह , देवराज सिंह, रामेश्वर दयाल दीपक देवल,सुनील फौजी सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अखिल भारतीय खटीक समाज के पदाधिकारियों ने समाज के सभी लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेकर स्वर्गीय राजेश सोनकर जी के विचारों को आगे बढ़ाएं।

