
मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स) दिल्ली के गीता कॉलोनी स्थित महर्षि वाल्मीकि कॉलेज ऑफ एजूकेशन में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा विकसित ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट प्रोग्राम’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करना और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से जोड़ना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सुश्री साक्षी शाह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि लगभग डेढ़ सौ वर्षों से वंदे मातरम् देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक रहा है तथा स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इसने देशवासियों में जोश और प्रेरणा का संचार किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विकसित भारत 2047 की परिकल्पना और वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी देने के लिए पावर पॉइंट प्रस्तुति (PPT) भी दिखाई गई। इस प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को देश के विकास, राष्ट्रीय मूल्यों और उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए एक खुला मंच भी रखा गया, जहां उन्होंने अपने विचार साझा किए और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए देश के उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान का गायन किया और देश की प्रगति, विकास और समृद्धि में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक साबित हुआ और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

