रजनी सूर्यवंशी के नेतृत्व में जोहरीपुर गैस एजेंसी पर कांग्रेस का प्रदर्शन

अंकित गर्ग (वीर सूर्या टाइम्स ) रसोई गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों के विरोध में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव के निर्देश पर राजधानी की 258 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों ने गैस एजेंसियों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति और बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी से आम जनता पर महंगाई का बोझ और बढ़ गया है। बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की कीमत 913 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 1883 रुपये तक पहुंच गई है।

इसी कड़ी में पूर्वी करावल नगर वार्ड-241 से नगर निगम की पूर्व प्रत्याशी रही और वर्तमान में कांग्रेस जिला महासचिव रजनी सूर्यवंशी के नेतृत्व में जोहरीपुर स्थित आकाश गैस एजेंसी के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ रही है और गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत हो गई है।
उन्होंने बताया कि गैस लेने के लिए लोगों को सुबह 5 बजे से ही लाइन में लगना पड़ रहा है और शाम तक करीब 500 मीटर लंबी कतारें लगी रहती हैं। गैस बुकिंग में भी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शादी-ब्याह के सीजन में सिलेंडर न मिलने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “महंगी गैस बंद करो”, “जनता को राहत दो” और “गैस के बढ़े दाम वापस लो” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया और गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।
इस अवसर ब्लॉक अध्यक्ष फकीर चंद तोमर ,मंजू सूर्यवंशी, शीला देवी, राजकुमार शर्मा, एस. क़े विद्यार्थी, अनुपम त्यागी, नारयण प्रधान, ऋषि पाल , चंद्र प्रकाश , दीपू मोघा, प्रमोद शर्मा, क़े अलावा सैकड़ो की संख्या में लोग उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *