वीर सूर्या टाइम्स नई दिल्ली। राजधानी के उत्तम नगर क्षेत्र में ईद का पर्व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। इलाके में सुबह से ही दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की व्यापक तैनाती की गई थी, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोका जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कॉन्स्टेबल से लेकर स्पेशल पुलिस कमिश्नर स्तर तक के अधिकारी क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रहे थे। बाहरी जिलों की पुलिस के साथ-साथ ऑपरेशन सेल की टीम को सादे कपड़ों में भी तैनात किया गया था।
हर रास्ते पर निगरानी, बिना जांच नहीं एंट्री
उत्तम नगर की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा। बिना जांच के किसी भी व्यक्ति को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। थाना क्षेत्र के आसपास और मुख्य चौराहों पर विशेष निगरानी रखी गई।
इसी कड़ी में इलाके में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ सामग्री को तुरंत रोका जा सके।
संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग
उत्तम नगर थाना रोड, काली बस्ती रोड, वाल्मीकि मंदिर रोड और कब्रिस्तान रोड जैसे संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। साथ ही, अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक कंपनियों को भी लगाया गया।
पूर्व उत्तम नगर मेट्रो स्टेशन के आसपास भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस वाहन, बैरिकेड और जवानों की तैनाती से पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया।
शांति समिति के साथ बैठकें
त्योहार से पहले पुलिस द्वारा शांति समिति के साथ बैठकें की गईं और इलाके में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में हुई एक घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इसी के चलते सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया।

