पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों पर AIJ का बड़ा कदम, दिल्ली बैठक में अहम फैसले

नई दिल्ली। भारतीय पत्रकार संघ (AIJ) की दिल्ली प्रदेश मासिक बैठक उत्तम नगर स्थित हकीकत आप तक न्यूज कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अवध नारायण की अध्यक्षता में गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुई। बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें पत्रकार एकता, सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर अहम निर्णय लिए गए।
बैठक की शुरुआत सभी सदस्यों के परिचय सत्र से हुई, जिससे आपसी समन्वय और विश्वास को मजबूती मिली। इसके बाद पत्रकार एकता, संगठन विस्तार, पत्रकार सुरक्षा और प्रदेश कार्यकारिणी के गठन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई।


कार्यक्रम का संचालन दिल्ली प्रदेश महासचिव एवं न्यायिक नायक न्यूज के संपादक आर. के. राठौर ने प्रभावी ढंग से किया। उन्होंने संगठन की भविष्य की कार्ययोजना, विस्तार रणनीति और पत्रकारों के हितों की रक्षा को लेकर स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रमेश चंद्र द्विवेदी, सरदार चरणजीत सिंह (सम्पादक, दैनिक रुस्तम ए हिन्द), मुकेश भोगल (सम्पादक, दैनिक समाचार निर्देश), दीपक खोसला (सम्पादक, नई सोच), सत्य प्रकाश सक्सेना, महेंद्र सिंह नागी (सम्पादक, हकीकत आप तक), रजनीश कुमार (सम्पादक, सनसनी आज तक), योगराज शर्मा (सम्पादक, आज की दिल्ली), रणवीर सिंह शौकीन (सम्पादक, नजफगढ़ की आवाज), पंकज भट्टी, विजय पूनिया, प्रीति यादव, पंकज बत्रा, मनोज कुमार सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दिल्ली जैसे राष्ट्रीय केंद्र में संगठन की मजबूती से न केवल स्थानीय मुद्दों पर प्रभावी हस्तक्षेप संभव होगा, बल्कि पत्रकारों पर होने वाले अत्याचारों के खिलाफ एकजुट आवाज भी बुलंद की जा सकेगी।
प्रदेश अध्यक्ष अवध नारायण ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन के नेतृत्व में भारतीय पत्रकार संघ देशभर के 600 से अधिक जिलों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सभी 11 जिलों में कार्यकारिणी गठन और नियमित बैठकों के माध्यम से संगठन को और मजबूत किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भारतीय पत्रकार संघ (AIJ) वर्तमान में 22 राज्यों में सक्रिय है और पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा, निष्पक्ष पत्रकारिता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *