नरेंद्र सिंह (वीर सूर्या टाइम्स)
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं “ओमकार जनकल्याण सेवा समिति” की अध्यक्ष रजनी सूर्यवंशी ने जनहित के मुद्दों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि “सत्ता में रहें या ना रहें, लेकिन सत्ता से सवाल जरूर पूछते रहेंगे और जन समस्याओं को लगातार उठाते रहेंगे।”
रजनी सूर्यवंशी ने हाल ही में करावल नगर क्षेत्र में सीवर जाम की गंभीर समस्या को लेकर संबंधित विभागों एवं दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि शिव विहार फेज-4, ओ-ब्लॉक की गलियों में लंबे समय से सीवर जाम की समस्या बनी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाए, ताकि किसी भी संभावित हादसे से पहले क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
अंत में, रजनी सूर्यवंशी ने इस दिशा में कार्यवाही शुरू होने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि आगे भी जन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।

