नायब तहसीलदार के आश्वासन पर सातवें दिन किसान यूनियन का धरना समाप्त

नौहझील (मथुरा)। नौहझील ब्लॉक के गांव मिठ्ठोली में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का सातवें दिन चल रहा धरना अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। धरनास्थल पर सिंचाई, बिजली और राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी पहुंचे और किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द निस्तारण का भरोसा दिया।

धरने के दौरान मंडल उपाध्यक्ष चौधरी योगेंद्र सिंह ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं से संबंधित 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पोखरों एवं ग्राम सभा की सरकारी संपत्तियों से अतिक्रमण हटाने, सरकारी खाद समितियों एवं क्रय केंद्रों पर खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, श्मशान घाट की भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की गई।

किसानों ने क्षेत्र में जर्जर एवं ढीली बिजली लाइनों को दुरुस्त कराने और सुचारु विद्युत आपूर्ति की मांग भी उठाई। इसके अलावा रजवाहों और माइनरों की सिल्ट सफाई कराकर टेल तक पानी पहुंचाने की मांग प्रमुखता से रखी गई।

सिंचाई विभाग के एसडीओ अशोक जैन ने किसानों को आश्वासन दिया कि रजवाहों और माइनरों की सिल्ट सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नहरों में पानी के ओवरफ्लो से फसलों को नुकसान न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी तथा टेल तक पानी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद यूनियन ने धरना स्थगित कर दिया। यूनियन पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में मांगों का समाधान नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

धरने में राष्ट्रीय प्रचार मंत्री चौधरी करुआ सिंह, प्रदेश सचिव चौधरी देवेंद्र सिंह, चौधरी योगेंद्र सिंह, चौधरी अमर सिंह, चौधरी रणधीर सिंह सहित सैकड़ों किसान एवं यूनियन कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *