मनीष सूर्यवंशी। वीर सूर्या टाइम्स नई दिल्ली महात्मा हजारीलाल मेमोरियल ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुज शर्मा ने चुनाव प्रक्रिया में हो रही कथित गड़बड़ियों को रोकने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक अहम सुझाव दिया है। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर फॉर्म 17C की तर्ज पर नया फॉर्म 17D लागू करने की मांग की है।
अनुज शर्मा ने बताया कि वर्तमान में फॉर्म 17C में कई संवेदनशील जानकारियां होती हैं, जैसे विधानसभा और बूथ का नाम, ईवीएम नंबर तथा मतदाताओं से संबंधित विवरण, जिसके चलते इसे सार्वजनिक रूप से अपलोड नहीं किया जाता। इसी कारण राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को केवल ईवीएम में पड़े कुल वोटों के आंकड़े प्राप्त करने में कठिनाई होती है।
उन्होंने प्रस्तावित फॉर्म 17D में केवल आवश्यक जानकारी रखने की बात कही है, जिसमें राज्य का नाम, विधानसभा क्रमांक, बूथ संख्या, कुल मतदान संख्या तथा बूथ अधिकारी एवं एजेंटों के हस्ताक्षर शामिल होंगे। इससे न तो किसी प्रकार की गोपनीय जानकारी सार्वजनिक होगी और न ही असामाजिक माहौल बनने की संभावना रहेगी।
अनुज शर्मा के अनुसार, इस नए फॉर्म के लागू होने से सभी राजनीतिक दलों, निर्दलीय उम्मीदवारों और आम जनता को पारदर्शी तरीके से मतदान के आंकड़े मिल सकेंगे। साथ ही, चुनाव के दौरान वोट प्रतिशत में गड़बड़ी के आरोपों को भी रोका जा सकेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि उनके इस सुझाव को अब तक किसी भी राजनीतिक दल ने गलत नहीं ठहराया है और कई दलों ने इसे सकारात्मक पहल बताया है। उनका मानना है कि यदि फॉर्म 17D लागू किया जाता है, तो चुनाव आयोग इसे अपनी वेबसाइट पर आसानी से अपलोड कर सकेगा और इससे चुनाव प्रक्रिया और अधिक निष्पक्ष व पारदर्शी बनेगी।

