नए साल 2026 के पहले दिन महंगा हुआ कमर्शियल LPG सिलेंडर, 19 किलो वाले के दाम 111 रुपये बढ़े

मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली।नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही महंगाई ने कारोबारियों को झटका दिया है। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में 111 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। बढ़ी हुई कीमतें 1 जनवरी 2026 से लागू हो गई हैं।
इस बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 1580.50 रुपये से बढ़कर 1691.50 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में यह सिलेंडर अब 1684 रुपये की जगह 1795 रुपये में मिलेगा। मुंबई में इसकी कीमत 1531.50 रुपये से बढ़कर 1642.50 रुपये कर दी गई है, जबकि चेन्नई में दाम 1739.50 रुपये से बढ़ाकर 1849.50 रुपये कर दिए गए हैं।
हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर असर नहीं पड़ेगा।
कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़ने से होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों की लागत में इजाफा होना तय माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इसका असर आने वाले दिनों में खान-पान और अन्य सेवाओं की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *