नंद नगरी में हरियाणवी संस्कृति का भव्य आयोजन, लोक गायिका राजबाला का हुआ जोरदार स्वागत

मनीष सूर्यवंशी | वीर सूर्या टाइम्स
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी क्षेत्र में हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध हरियाणवी लोक गायिका श्रीमती राजबाला जी का फूल-मालाओं से सजी फोटो की माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण हरियाणवी संस्कृति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों महिलाओं ने लोक गायिका राजबाला जी के साथ सेल्फी ली। बताया जाता है कि जब भी राजबाला जी किसी कार्यक्रम में पहुंचती हैं, उनके प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ती है। नंद नगरी का यह आयोजन उनकी लोकप्रियता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।
मंच से राजबाला जी ने इतिहास से जुड़ी रागनियां प्रस्तुत कीं, जिन्हें सुनकर उपस्थित लोग बेहद खुश और भावविभोर नजर आए। वहीं प्रसिद्ध रागनी गायक मनोज कराना ने भी तीन रागनियां प्रस्तुत कर श्रोताओं का मन जीत लिया। उन्होंने महापुरुषों के जीवन प्रसंगों और हरियाणवी संस्कृति पर आधारित रागनियों से खूब तालियां बटोरीं। इसके साथ ही लोक गायिका निशा जगड़ा ने भी कई रागनियां प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक वीर सिंह धीगान उपस्थित रहे। उन्होंने राजबाला जी की रागनियों की सराहना करते हुए कहा कि वे अब तक उन्हें टेलीविजन के माध्यम से ही देख-सुनते आए थे, लेकिन आज पहली बार प्रत्यक्ष रूप से उनकी प्रस्तुति सुनने का अवसर मिला, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कलाकारों का धन्यवाद करते हुए हरियाणवी संस्कृति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
पूरे आयोजन में हरियाणवी लोक संस्कृति, परंपरा और संगीत की सुंदर झलक देखने को मिली, जिससे क्षेत्र में सांस्कृतिक चेतना और उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के संयोजक रोशन लाल जी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *