मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
तहसील छाता के गांव खैरार में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत द्वारा संगठन विस्तार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दर्जनों किसानों ने यूनियन की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मौजूद किसानों ने बताया कि तहसील और ब्लॉक स्तर पर भ्रष्टाचार चरम पर है। किसानों का आरोप है कि सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं की तुलाई सही तरीके से नहीं हो रही है तथा समितियों में किसानों को खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि समितियों से खाद सीधे ब्लैक में बेची जा रही है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि संगठन गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक और संगठित करेगा। वक्ताओं ने कहा कि जब तक किसान एकजुट नहीं होगा, तब तक उसकी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है।
कार्यक्रम को प्रदेश सचिव चौधरी देवेंद्र सिंह, तहसील अध्यक्ष मांट चौधरी योगेंद्र सिंह, चौधरी प्रेम सिंह, चौधरी रामवीर सिंह पटवारी, चौधरी रणधीर सिंह कैप्टन, चौधरी क्षेत्रीय सिंह, चौधरी अमर सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों एवं गांव के गणमान्य लोगों ने संबोधित किया।
इस दौरान क्षेत्र के कई गांवों से आए किसानों ने संगठन के प्रति उत्साह दिखाया और किसान हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने की बात कही।

