करावल नगर में चार मंजिला इमारत ढही, समय रहते खाली कराने से टला बड़ा हादसा

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )नई दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर क्षेत्र स्थित प्रकाश विहार में मंगलवार को एक चार मंजिला इमारत ढह जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि समय रहते भवन को खाली करा लिए जाने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 को शाम करीब 6:38 बजे करावल नगर थाना पुलिस को प्रकाश विहार, गली नंबर-2 में एक मकान गिरने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि उत्तर प्रदेश सीमा से सटे क्षेत्र में संबंधित विभाग द्वारा नाले के निर्माण एवं मरम्मत का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे चार मंजिला इमारत में दरारें दिखाई देने लगीं। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तुरंत भवन को खाली करा लिया।
कुछ समय बाद पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) तथा अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और सुरक्षा व राहत संबंधी आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल संबंधित एजेंसियां घटना के कारणों की जांच कर रही हैं तथा इलाके में सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *