नंद नगरी में अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़, महिला तस्कर गिरफ्तार

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली, 11 जून। थाना नंद नगरी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब, लाखों रुपये की नकदी तथा चांदी और सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 जून की देर रात गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि ए-4 ब्लॉक नंद नगरी क्षेत्र में एक महिला अवैध शराब बेच रही है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची तो एक महिला संदिग्ध अवस्था में प्लास्टिक का बैग लेकर खड़ी दिखाई दी। पुलिस को देखकर वह घर के अंदर जाने लगी, लेकिन टीम ने उसे रोककर जांच की।
तलाशी में बैग से 20 क्वार्टर अवैध देसी शराब और नकदी बरामद हुई। इसके बाद मकान की तलाशी लेने पर 41 अतिरिक्त क्वार्टर शराब तथा 38 बीयर की बोतलें मिलीं। पुलिस ने मौके पर ही आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने घर से कुल 61 क्वार्टर अवैध शराब, 38 बीयर बोतलें, ₹5.80 लाख से अधिक नकदी, 52 जोड़ी चांदी की पायल, 8 जोड़ी चांदी के बच्चों के कड़े, 20 जोड़ी बिछिया, 3 अंगूठियां और अन्य चांदी के सामान बरामद किए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार महिला पहले भी आबकारी और जुआ अधिनियम से जुड़े नौ मामलों में शामिल रह चुकी है। बरामद नकदी और आभूषणों के स्रोत की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *