ललित हत्याकांड का खुलासा, आरोपी मोहित गिरफ्तार; हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली। थाना न्यू उस्मानपुर पुलिस ने 26 वर्षीय युवक ललित की हत्या के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 2 जून 2026 को सुबह करीब 5:02 बजे गौतमपुरी इलाके में खत्ते के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि युवक के शरीर पर चाकू से वार किए गए थे। मृतक की पहचान ब्रह्मपुरी निवासी ललित (26) के रूप में हुई।

घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। मामले में थाना न्यू उस्मानपुर में एफआईआर संख्या 383/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान थाना न्यू उस्मानपुर और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार (एसएचओ) और इंस्पेक्टर अरविंद के नेतृत्व में कई स्थानों पर छापेमारी की। तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने मोहित (26) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात को स्वीकार करते हुए बताया कि वह और ललित पहले दोस्त थे, लेकिन मृतक और उसके भाई के साथ चल रहे विवाद के कारण उसने यह अपराध किया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *